नारनौल। राजकीय महिला महाविद्यालय की 37वीं दो दिवसीय वार्षिक खेल-कूद प्रतियोगिता के समापन पर वीरवार को छात्रा अंतिम को बेस्ट एथलीट का खिताब मिला।
वहीं 1500 मीटर दौड़ में रवीना प्रथम, दीप्ति सैनी द्वितीय व अंतिम तृतीय रहीं। इसके अलावा, लंबी कूद में अंतिम प्रथम, शालिनी द्वितीय और खुशबू तृतीय रहीं। ट्रिपल जंप में मुस्कान ने प्रथम, शालिनी ने द्वितीय व खुशबू ने तृतीय स्थान हासिल किया।
साइकिल दौड़ में स्नेह प्रथम, खुशी द्वितीय तथा मानसी तृतीय रहीं। वहीं लेमन रेस में रेनू प्रथम, शालिनी द्वितीय व दीप्ति सैनी तृतीय रहीं। थ्री-लेग रेस में रेनू-खुशी की टीम प्रथम रही। 100 मीटर दौड़ में रेनू प्रथम, खुशबू द्वितीय व रवीना तृतीय रहीं।
स्टाफ स्पर्धाओं में पुरुष वर्ग में डॉ. यशपाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महिला वर्ग में डॉ. सुमन यादव प्रथम रहीं। विभिन्न नॉन-टीचिंग और ग्रुप-डी श्रेणियों में भी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
जिला उच्च शिक्षा अधिकारी एवं राजकीय महाविद्यालय चरखी दादरी के प्राचार्य डॉ. मोर ने कहा कि खेलकूद जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है जो शारीरिक, मानसिक और संपूर्ण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।
महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं न केवल प्रतिभा निखारती हैं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अनुशासन एवं देशभक्ति की भावना भी विकसित करती हैं। खेल प्रभारी डॉ. सुमन यादव ने कहा कि यह दिन केवल प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि खेल भावना, एकजुटता और निरंतर प्रयास का उत्सव है।
समापन पर डॉ. यशपाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद ज्ञापित किया। मंच संचालन डॉ. अंजू रानी व डॉ. ममता सिद्धार्थ ने किया। डीपीई डॉ. हंसराज गुर्जर एवं डॉ. मुकेश वर्मा ने सभी प्रतियोगिताओं को पूर्ण कराया।