नारनौल। राजकीय कालेजों में दूसरी कट आफ लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों को सोमवार को एक फिर से फीस जमा करवाने के लिए परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। अधिक परेशानी विद्यार्थियों को 12 व 13 जुलाई को झेलनी पड़ेगी, क्योंकि अगले दो दिन स्टेट बैंक पटियाला की शाखाओं के कर्मचारियों की हड़ताल है। इस कारण विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, अगर कालेज प्रशासन की ओर से व्यवस्था नहीं गई तो अनेक विद्यार्थी दाखिले से भी वंचित रह सकते हैं। 9 जुलाई जारी हुई दूसरी कट आफ लिस्ट में नाम आने वाले विद्यार्थियों को 12 जुलाई तक दाखिले की फीस करवानी है, लेकिन 9 जुलाई को शनिवार व 10 जुलाई को रविवार की छुट्टी होने के कारण विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवा पाए। जिस कारण सोमवार को स्टेट बैंक आफ पटियाला की दोनों शाखाओं में फीस जमा करवाने वाले विद्यार्थियों की भारी भीड़ लगी रही। सोमवार को सभी विद्यार्थी फीस जमा नहीं करवा पाएं। जिन विद्यार्थियों की फीस सोमवार को जमा नहीं हो पाई, उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, कए्योंकि आल इंडिया बैंक एम्पलोइज एसोसिएशन के आह्वान पर स्टेट बैंक आफ पटियाला की शाखाओं को एसबीआई में मर्ज करने के विरोध में पूर्व से निर्धारित सभी स्टेट बैंक आफ पटियाला के कर्मचारियों की 12 व 13 जुलाई को हड़ताल है। जिस कारण निर्धारित बैंकों में विद्यार्थियों की फीस जमा नहीं हो पाएगी। अगर कालेज प्रशासन की ओर से दाखिले की फीस जमा करवाने की व्यवस्था नहीं की गई तो अनेक विद्यार्थियों को दाखिले से वंचित रहना पड़ सकता है।
फीस जमा करवाने की अलग से लगाई खिड़कियां
सोमवार को स्टेट बैंक आफ पटियाला की दोनों शाखाओं में फीस जमा करवाने वाले विद्यार्थियों की काफी मारामारी रही। हालांकि बैंक अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों की फीस जमा करवाने के लिए अलग से खिड़कियों का प्रबंध किया गया था, बावजूद इसके विद्यार्थियों की संख्या काफी अधिक रही। अधिक परेशानी मंडी स्थित स्टेट बैंक शाखा में कर्मचारियों व विद्यार्थियों को हुई, क्योंकि मंडी शाखा बैंक दोनों कालेजों के नजदीक होने के कारण सबसे अधिक भीड़ वहीं रहती है। विद्यार्थियों की भारी भीड़ के चलते मंडी शाखा में फीस जमा करवाने के लिए सात काउंटर लगाए गए, वहीं महेंद्रगढ़ रोड की शाखा में चार काउंटर लगाकर विद्यार्थियों की फीस जमा की गई।
हड़ताल के चलते आफ लाइन होगी फीस जमा
पहली लिस्ट के दौरान भी अंतिम दिन कालेजों में दोपहर बाद मैनुअल रूप से फीस की गई थी। दो दिन तक स्टेट बैंक आफ पटियाला कर्मचारियों की हड़ताल के चलते दूसरी कट आफ लिस्ट में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों की फीस मैनुअल रूप से सुबह से ही कालेज परिसर में जमा की जाएगी। सभी विद्यार्थियों की फीस जमा की जाएगी, ताकि कोई विद्यार्थी दाखिले से वंचित न रह जाए। --नरेश यादव प्राचार्य, पीजी कालेज नारनौल