फोटो 17विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।स्रोत:ग्रामीण
मंडी अटेली। मोहलड़ा गांव में बाबा शांति नाथ महाराज के मेले के तहत आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं का समापन हो गया। वॉलीबॉल में आर्मी की 6 जाट रेजिमेंट ने पहला स्थान हासिल किया जबकि सिरसा की टीम उपविजेता रही। कबड्डी ओपन में गादला की मोनू टीम विजेता और मोनू राजू की टीम उपविजेता रही। विजेता टीमों को 21 हजार और उपविजेताओं को 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार व ट्रॉफी दी गई।
कबड्डी के 55 किलोग्राम वर्ग में बीजे डब्ल्यू जाट की टीम प्रथम और गढ़ी खारीवाड़ा की टीम द्वितीय रही। प्रथम टीम को 15 हजार और द्वितीय टीम को 11 हजार रुपये दिए गए। मेले में बुजुर्ग और युवा दौड़, ऊंची कूद व लंबी कूद सहित कई प्रतियोगिताएं भी हुईं।
मेला कमेटी और ग्राम पंचायत ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। ग्रामीण संजय कुमार ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। मंदिर के महाराज नरेश नाथ ने पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया। कार्यक्रम में मेला कमेटी प्रधान सूबेदार राजेंद्र, सरपंच प्रतिनिधि होशियार सिंह, कैप्टन बलबीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।