फोटो नंबर-23नारनौल में रेवाड़ी रोड़ के पुल पर से पलटी थार गाड़ी।
नारनौल। रेवाड़ी रोड पर चिंकारा रेस्ट हाउस के पास बने पुल पर थार और रोडवेज बस के बीच टक्कर हो गई। हादसा इतना भयानक था कि थार पुल से नीचे गिर गई। वहीं, बस भी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात ये रही कि बस में सवार यात्रियों व थार में सवार दोनों युवकों को ज्यादा चोट नहीं आई।
हालांकि, दुर्घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। इसके चलते लोगों को आवागमन के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। जानकारी के अनुसार नारनौल डिपो की एक बस सवारी लेकर रेवाड़ी के लिए जा रही थी। शाम को करीब 5 बजे बस जब शहर को पार करते हुए चिंकारा रेस्ट हाउस के पुल पर पहुंची तो उसने खड़ी थार गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे थार पुल के नीचे गिर गई और बस डिवाइडर से टकरा कर रुक गई। थार सवार यूपी के गाजियाबाद निवासी सौरभ यादव और जितेंद्र त्यागी पटीकरा में सगाई समारोह में जा रहे थे। जब वह चिंकारा रेस्ट हाउस के पास खड़े थे तो रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे वह पुल से नीचे गिर गई।