नारनौल। सीएम के 19 जुलाई को स्कूल प्रबंधन कमेटी और विद्यालय स्टाफ को संबोधित करने के ऑनलाइन कार्यक्रम को लेकर हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ ने विरोध जताया है। संघ के पूर्व राज्य सचिव धर्मपाल शर्मा ने कहा कि सार्वजनिक अवकाश के दिन इस तरह का कार्यक्रम रखना उचित नहीं है और इससे शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा।
धर्मपाल शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से स्कूल प्रबंधन कमेटी और विद्यालय स्टाफ को संबोधित करेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे कार्यक्रमों के लिए केवल सार्वजनिक अवकाश का दिन ही क्यों चुना जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों पर शिक्षण कार्य के अलावा लगातार अन्य जिम्मेदारियां डाली जा रही हैं, जिससे उनका ध्यान विद्यार्थियों की पढ़ाई से हट रहा है। शर्मा ने कहा कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखकर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने सरकार से इस तरह के निर्णयों पर पुनर्विचार करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो संगठन प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।