नारनौल। शहर के महेंद्रगढ़ रोड स्थित निजी गार्डन में रविवार को आयोजित छठे जिलास्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति सम्मेलन में मुख्य अतिथि लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता बसई सरपंच भगत सिंह ने की।
विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ से विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव, राकेश कुमार, चेयरपर्सन कमलेश सैनी, आरएस वर्मा व प्रजापति समाज के जिला प्रधान जोगेंद्र सिंह राजोरा मौजूद रहे।
सभी अतिथियों ने मां सरस्वती व महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समाज के लोगों ने पगड़ी पहना कर अतिथियों का सम्मान किया।
कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न, बैग एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, नीट, पीएचडी सहित आर्मी, पुलिस एवं सिविल सेवा जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थी शामिल हैं।
इस मौके पर लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणवीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार विकास को गति दे रही है। प्रदेश में इस वर्ष 6 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों की विशेष मरम्मत करने की मंजूरी दी गई है। बारिश रुकते ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रजापति समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। यह समाज शिक्षा, संगठन और प्रगति के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार ने पिछड़े समाज के युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया है।
सरकार ने बिना खर्ची बिना-पर्ची नौकरी दी है इससे युवाओं में भरोसा जगा है। विधायक ओमप्रकाश यादव, विधायक कंवर सिंह यादव व पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सांता कुमार आर्य, उमेद सिंह बड़कोदा, सुनील वर्मा, नौरंग लाल व मास्टर ईश्वर मौजूद रहे।