नारनौल। शहर के नागरिक अस्पताल से काठमंडी होते हुए मुख्य डाकघर तक जाने वाले मार्ग पर नगर परिषद ने तीन माह पहले पोल तो लगवा दिए लेकिन लाइट लगवाना शायद भूल गए हैं। इससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब पोल लगाने का कार्य शुरू हुआ था तो सभी को उम्मीद थी कि अब इस अंधेरे मार्ग पर रोशनी होगी और राहगीरों को सुविधा मिलेगी। तीन महीने बीत जाने के बाद भी लाइटें न लगने से यह मार्ग रात के समय पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहता है।
यह नागरिक अस्पताल, रेलवे स्टेशन और काठ मंडी को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है जिस पर दिन-रात वाहनों व पैदल यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। अंधेरा होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे रोशनी के पर्व पर भी नगर परिषद इस मार्ग को रोशन नहीं कर पाया जो उसकी लचर कार्यप्रणाली को दर्शाता है। नागरिकों ने मांग की है कि नगर परिषद शीघ्र ही यहां लाइटें लगवाकर लोगों को राहत दे।
बाक्स-
काठ मंडी मार्ग पर तीन महीने पहले पोल लगाए थे लेकिन अभी तक लाइट नहीं लगाई गई। इस मार्ग पर रेलवे स्टेशन व नागरिक अस्पताल होने के कारण 24 घंटे लोगों का आवागमन रहता है। इसके बाद भी पोल पर लाइट नहीं लगाने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है। -रजत तायल, निवासी काठ मंडी
बाक्स-
इस मार्ग पर पोल लगाकर लाइट नहीं लगाने से यहां के व्यापारियों व निवासियों में नगर परिषद के प्रति रोष व्याप्त है। मुख्य मार्ग होने के कारण लोग रात के समय भी यहां से गुजरते हैं और अंधेरे में कोई घटना भी हो सकती है। इसलिए जब नप ने पोल लगा दिए हैं तो अब दीपावली के समय इस मार्ग को लाइट लगाकर रोशन भी करना चाहिए। -सोमदेव, दुकानदार, काठ मंडी
वर्जन-
काठ मंडी में जो पोल लगे हैं उन पर 90 वोल्ट की बड़ी लाइट लगनी है जो अभी आई नहीं है। प्रयास किया जा रहा है कि दीपावली से पहले लाइटें मंगवाकर इन पोल पर लगवाई जाए। -सोहन सिंह, एमई, नगर परिषद नारनौल।