नारनौल। पीएम सूर्य घर योजना के तहत प्रदेश में 31 मार्च तक 1,21,000 सौर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है लेकिन फरवरी के दूसरे पखवाड़े तक केवल 46.68 फीसदी लक्ष्य ही पूरा हो पाया है। इतने कम समय में आधे से ज्यादा लक्ष्य को पूरा करना सरकार व निगम के लिए चुनौती बन गया है।
बिजली निगम के डाटा के अनुसार, 18 फरवरी तक प्रदेश में केवल 56481 सौर पैनल लगाए गए हैं जिसमें से 16192 सौर पैनल तो मार्च 2025 तक ही लगाए चुके थे। वहीं सत्र 2025-26 में प्रदेश भर में 40289 पैनल लगाए गए हैं। वहीं नारनौल में 4125 सौर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया था जिनमें में अब तक 1112 लगाए गए हैं।
फरीदाबाद व पलवल सबसे फिसड्डी
फरीदाबाद व पलवल सबसे फिसड्डी बने हुए हैं और दोनों ही जिलों में अब तक 10 फीसदी लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ है। पलवल ने 8.89 फीसदी तो फरीदाबाद ने 9.16 फीसदी लक्ष्य ही पूरा किया है। वहीं 31 मार्च तक फरीदाबाद में 10515 व पलवल में 6165 सौर पैनल लगाए जाने थे लेकिन अब तक फरीदाबाद में 963 व पलवल में 548 सौर पैनल कनेक्शन ही लगाए गए हैं।
रेवाड़ी में लगे लक्ष्य से भी अधिक सौर पैनल
प्रदेश के 22 जिलों के लिए अलग-अलग लक्ष्य निर्धारित किए गए थे। इनमें से 11 जिले ऐसे हैं जिनमें 50 फीसदी लक्ष्य भी पूरा नहीं हुआ है। प्रदेश में केवल रेवाड़ी जिले में ही लक्ष्य से अधिक सौर पैनल लगे हैं। 31 मार्च तक रेवाड़ी में 4855 कनेक्शन लगाए जाने थे और अब तक 4892 सौर पैनल लगाए जा चुके हैं। वहीं कुरुक्षेत्र 94.23 फीसदी, अंबाला 79.04 फीसदी, सिरसा 72.06 फीसदी व कैथल 68 फीसदी के साथ शीर्ष 5 जिलों में शामिल है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बनाई गईं तीन श्रेणियां
-1 लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय से कम रहने पर उपभोक्ता को 2 किलो वाट तक केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार व राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
- 1.80 लाख से 3 लाख रुपये वार्षिक तक वार्षिक आय रहने पर उपभोक्ता को 2 किलो वाट तक केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार व राज्य सरकार की ओरसे 20 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
- 3 लाख रुपये से अधिक आय वाले उपभोक्ता के लिए 2 किलो वाट तक केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये और 3 से 5 किलो वाट तक 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है। साथ ही ब्याज मुक्त लोन का भी प्रावधान है।
-
किस जिले में लगे कितने सौर पैनल
जिले का नाम लक्ष्य लगाए गए लक्ष्य प्राप्त
अंबाला 5292 4183 79.04 प्रतिशत
झज्जर 4697 2176 46.33 प्रतिशत
कैथल 5313 3613 68.00 प्रतिशत
करनाल 7036 3699 52.57 प्रतिशत
कुरुक्षेत्र 4677 4407 94.23 प्रतिशत
पंचकुला 2912 1496 51.37 प्रतिशत
पानीपत 5394 2132 39.53 प्रतिशत
रोहतक 6316 3742 59.25 प्रतिशत
सोनीपत 7139 2315 32.43 प्रतिशत
यमुनानगर 6224 4134 66.42 प्रतिशत
भिवानी 6915 2344 33.90 प्रतिशत
फरीदाबाद 10515 963 9.16 प्रतिशत
फतेहाबाद 4375 2797 63.93 प्रतिशत
गुरुग्राम 10794 3044 28.20 प्रतिशत
हिसार 7340 3347 45.60 प्रतिशत
जींद 5256 1419 27.00 प्रतिशत
नारनौल 4125 1112 26.96 प्रतिशत
पलवल 6165 548 8.89 प्रतिशत
रेवाडी 4855 4892 100.76 प्रतिशत
सिरसा 5660 4118 72.76 प्रतिशत
वर्जन :
पीएम सूर्य घर योजना उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए केंद्र व राज्य सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है। निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वहीं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
-जोगेंद्र हुड्डा, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम, नारनौल।