महेंद्रगढ़। उपमंडल में चल रहे जनगणना (हाउस लिस्टिंग) कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार अजय सैनी ने रिवासा, सीसोठ, पाली, आकोदा, खुडाना, नावा, जड़वा, सतनाली, बलाना, खातोद और खायरा गांवों का औचक निरीक्षण कर प्रगणकों और सुपरवाइजरों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि एक से 30 मई तक चलने वाला यह अभियान व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। अजय सैनी ने विशेष रूप से कहा कि कोई भी परिवार या व्यक्ति सर्वेक्षण से वंचित नहीं रहना चाहिए।
सहायक चार्ज अधिकारी राजेश शर्मा झाड़ली ने बताया कि कर्मचारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं और नियमित मॉनिटरिंग के जरिए कार्य को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया जा रहा है।