नारनौल। जिले में जुलाई से अगस्त तक लगातार बारिश का दौर देखने को मिला। मौसम विभाग ने सितंबर में भी बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को भी सुबह से धूप निकली हुई थी, लेकिन दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्र मोहन ने बताया कि हरियाणा एनसीआर दिल्ली में धीरे-धीरे मानसून में सक्रियता और तारतम्यता देखने को मिल रही है। सितंबर के पहले 10 दिनों में हरियाणा एनसीआर में मानसून से सराबोर होने की संभावना बन रही है। सोमवार को दोपहर दो बजे के आसपास मौसम ने अचानक से करवट ली। इसके बाद कुछ देर हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
उन्होंने बताया कि सितंबर के दौरान पूरे देश में औसत वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है। क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर पर लगातार मौसम प्रणालियों का निर्माण हो रहा है। स्थानिक वितरण से पता चलता है कि हरियाणा एनसीआर में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। नारनौल में न्यूनतम 26.5 और अधिकतम 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।