फोटो 04 ग्राहक के लिए सोडा शिकंजी बनाता रेहड़ी संचालक। संवाद
नारनौल। गर्मी में शहर की सड़कों पर गन्ने के रस और सोडा शिकंजी की रेहड़ियां जगह-जगह देखने को मिल रही हैं। ये ठंडे पेय अब आमजन की पहली पसंद बन गए हैं। लोग दिनभर इन रेहड़ियों पर रुककर गन्ने का रस और शिकंजी का आनंद ले रहे हैं।
गर्मी से राहत देने के साथ-साथ ये पेय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माने जा रहे हैं। गन्ने का रस शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है, डिहाइड्रेशन से बचाता है और लू लगने के खतरे को कम करता है। वहीं नींबू पानी यानी शिकंजी शरीर को ठंडक और ताजगी प्रदान करता है व पाचन को बेहतर बनाता है।
शहर में इस समय करीब 50 से 60 गन्ने के रस की रेहड़ियां और लगभग 30 से अधिक सोडा शिकंजी की रेहड़ियां लग रही हैं।
गन्ने का रस बेचने वाले सुल्तान सिंह ने बताया कि वे 850 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना खरीदकर लाते हैं। 100 किलो गन्ना दो से तीन दिनों में खत्म हो जाता है। उन्होंने बताया कि बढ़ती रेहड़ियों के कारण अब दिन में केवल 50 से 60 गिलास ही बिक्री हो पाती है। गन्ने के रस के दाम 10 से 50 रुपये प्रति गिलास तक हैं।
वहीं शिकंजी विक्रेता हरीश ने बताया कि वह रोजाना नींबू खरीदकर 30 से 40 गिलास शिकंजी तैयार करते हैं जो 30 रुपये प्रति गिलास बिकती है। पहले की तुलना में अब प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है क्योंकि शहर में 30 से 35 रेहड़ियां लगने लगी हैं।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि गन्ने का रस शरीर को ठंडक, ऊर्जा और इलेक्ट्रोलाइट्स देता है। यह लिवर को डिटॉक्स करने और लू से बचाव में मदद करता है। नींबू पानी विटामिन-सी से भरपूर होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है।