शहर के मोहल्ला मीयां की सराय में एक युवक ने शुक्रवार की रात छत में लगे हुक से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस के अनुसार मोहल्ला मीयां की सराय निवासी लगभग 32 वर्षीय युवक पवन कुमार पुत्र किशन रात को खाना खाने के बाद अपने घर के एक कमरे में सोने चला गया। दो दिन पूर्व ही वह अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ कर आया था। उसकी शादी लगभग सात-आठ माह पूर्व ही हुई थी।
वह गुजरात में काम करता था। एक दिन पूर्व उसने अपने परिवार को बताया था कि वह शनिवार को अपने काम पर गुजरात जाएगा। लेकिन शुक्रवार रात में ही उसने कमरे की छत में लगे हुक से फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक ने एक पुराने अखबार पर लिखकर खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।