महेंद्रगढ़। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य उच्च शिक्षा को सरल, बेहतर और विद्यार्थियों की रुचि के अनुसार बनाना है। इसके तहत विद्यार्थियों को अपनी पसंद और क्षमता के अनुसार विषय चुनने की आजादी मिलेगी। साथ ही उच्च शिक्षण संस्थानों को शैक्षणिक स्वायत्तता देने पर भी जोर दिया गया है।
यह बात हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. प्रमोद कुमार ने कही। वह विश्वविद्यालय में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के सहयोग से आयोजित 43वें राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 अभिमुखीकरण एवं संवेदीकरण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के साथ शिक्षण संस्थानों को लचीला बनाना जरूरी है, ताकि विद्यार्थी अलग-अलग विषयों का अध्ययन कर सकें। उन्होंने उच्च शिक्षा में घटते नामांकन और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की जरूरत पर भी चर्चा की।
प्रो. प्रमोद कुमार ने राधाकृष्णन, मुदालियर और कोठारी आयोग की सिफारिशों के साथ वर्ष 1968, 1986 और 2020 की राष्ट्रीय शिक्षा नीतियों से आए बदलावों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का आयोजन कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में किया गया। इसमें समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा का भी विशेष सहयोग रहा।