महेंद्रगढ़। राजकीय महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और कर्तव्य की शपथ ली। एंटी ड्रग सेल के ओर से नशा मुक्ति पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता हुई।
शहर थानाध्यक्ष पवन कुमार के साथ पुलिस विभाग से विकास एवं दीपक भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन, परिवार और समाज तीनों के लिए विनाशकारी है। नशे में उलझा युवा अक्सर अपराध की ओर बढ़ जाता है, जिससे समाज में असुरक्षा और हिंसा का माहौल बनता है।
समाज में सकारात्मक सोच अपनाएं और किसी भी प्रकार के अपराधी या अनुचित गतिविधियों का समर्थन न करें। सोशल मीडिया पर अपराधियों या असामाजिक तत्वों द्वारा चलाई जाने वाली गलत प्रवृत्तियों को लाइक या शेयर करना भी अपराध की मानसिकता को बढ़ावा देता है।
प्राचार्य प्रो. पूर्ण प्रभा ने कहा कि एक सशक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं का नैतिक, जिम्मेदार और नशा मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को सत्यनिष्ठा शपथ दिलवाई। विद्यार्थियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और सुशासन के उच्चतम मानकों का पालन करने, रिश्वत नहीं लेने और न ही देने और अपने कर्तव्यों का निष्पादन निष्ठा एवं सत्यता से करने की शपथ ली।
प्रो. जितेंद्र कुमार वशिष्ठ ने मंच संचालन करते हुए थाना अध्यक्ष पवन कुमार एवं उनकी टीम का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इससे उनमें नैतिक चेतना का विकास होता है और वे देशहित में अपनी जिम्मेदारी को भलीभांति समझ पाते हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर सत्यनिष्ठा का पालन करे, तो राष्ट्र से भ्रष्टाचार स्वतः समाप्त हो सकता है।
कार्यक्रम में उपप्राचार्य प्रो. विजय यादव, डॉ. सोमवीर, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. विकास गुप्ता, विजयपाल उपस्थित रहे।