नारनौल। नारनौल क्षेत्र के गांव खोड़मा में खेत के किनारे बैठे व्यक्ति को गाड़ी चालक ने टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी भी पलट गई। हादसे में घायल व्यक्ति ने उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में खोड़मा निवासी शेरसिंह ने बताया कि वह खोड़मा से धरसू रोड पर मकान बनाकर अपने परिवार सहित रह रहा है। 22 मई को वह अपने खेत में काम कर रहा था और उसके पास खेत की मेढ़ पर खोड़मा निवासी रोहताश बैठा हुआ था। इस दौरान खोड़मा की तरफ से सायं करीब साढे 6 बजे एक गाड़ी चालक तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया और रोहताश को टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी भी खेत में जाकर पलट गई। टक्कर लगने की वजह से रोहताश के सिर में ज्यादा चोट लग गई। हादसे की जानकारी रोहताश के परिवार के सदस्यों को दी। उसका बेटा मुकेश आया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल नारनौल लेकर गए। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डाॅक्टर ने रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन रोहताश को उपचार के लिए जयपुर ले गए। शनिवार को उपचार के दौरान रोहताश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शेरसिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।