नारनौल। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को दाखिले के अंतिम दिन तकनीकी खामियों की वजह से पोर्टल नहीं चल पाया। इस कारण दाखिले नहीं हो पाए और छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आईटीआई में रिक्त सीट पर दाखिले ऑन द स्पॉट किए जा रहे थे और अंतिम तिथि 30 सितंबर थी।
छात्रों ने मांग करते हुए कहा कि दाखिले के लिए अंतिम तिथि को बढ़ाया जाना चाहिए। मिली जानकारी के अनुसार अब तक अंतिम तिथि को बढ़ाने के लिए कोई निर्देश जारी नहीं किए गए। संभावना है कि छात्रों की मांग को देखते हुए अंतिम तिथि को बढ़ाया जाएगा।
गौरतलब है कि आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया गत 7 जून से जारी है। पिछले साढ़े तीन महीनों से चल रही दाखिला प्रक्रिया के दौरान अब तक चार मेरिट सूची को जारी किया गया है और 12 अगस्त से रिक्त सीट पर ऑन द स्पॉट दाखिले किए जा रहे हैं। अभी भी पुरुष आईटीआई में 75 सीट और महिला आईटीआई में 63 सीट पर दाखिला होना बाकी है। पुरुष आईटीआई नारनौल में अब तक विभिन्न ट्रेड के अंदर उपलब्ध 872 सीट में से 797 सीट पर दाखिला हो चुका है, वही महिला आईटीआई में विभिन्न ट्रेड के अंदर उपलब्ध 312 सीट में से 249 सीट पर दाखिला हुआ है।
वर्जन:
आईटीआई में रिक्त सीट पर ऑन द स्पॉट हो रहे दाखिले के लिए अंतिम तिथि 30 सितंबर थी। अंतिम तिथि को कुछ तकनीकी खामियों के कारण पोर्टल नहीं चल पाया, जिस कारण दाखिले नहीं हो पाए। दाखिले के लिए अंतिम तिथि को बढ़ाए जाने को लेकर कोई दिशा-निर्देश अभी तक जारी नहीं किए गए हैं।
विनोद खनगवाल, प्राचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, नारनौल।