फोटो नंबर-13पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में नई बैंच पर बैठकर पढ़ती छात्राएं। संवाद
नारनौल। पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में कक्षा छठी से आठवीं तक के छात्राओं के लिए नई बेंच आ गई हैं। पहले छात्राओं को कक्षा में दरी पर बैठकर पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इससे न केवल असुविधा होती थी बल्कि पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
इस गंभीर समस्या को अमर उजाला ने दिसंबर में चलाए गए कैसी है पाठशाला अभियान के तहत प्रमुखता से उठाया गया था। 20 दिसंबर को इस संबंध में समाचार प्रकाशित होने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित हुआ।
समाचार प्रकाशित होने के बाद विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाए। दिसंबर के अवकाश के बाद जब छात्राएं स्कूल लौटीं, तो कक्षाओं में नई बेंच आ चुकी थीं।
इससे छात्राओं को अब व्यवस्थित और सुविधाजनक माहौल में बैठकर अध्ययन करने का अवसर मिल रहा है। पहले दरी पर बैठने के कारण सर्दी, गर्मी और बरसात हर मौसम में छात्राओं को असुविधा झेलनी पड़ती थी। साथ ही कक्षा में अव्यवस्था बनी रहती थी जिससे पढ़ाई में बाधा आती थी।
नई बेंच मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही है। अब वे बेहतर तरीके से बैठकर ध्यानपूर्वक पढ़ाई कर पा रही हैं जिससे उनकी एकाग्रता और सीखने की क्षमता में भी सुधार देखने को मिल रहा है। अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है और इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है।
वर्जन:
पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में कक्षा छठी से आठवीं तक बेंच आ चुकी है और अब स्कूल की सभी कक्षाओं में छात्राओं को बेंच पर बैठाकर पढ़ाई करवाई जा रही है। -शीला कुमारी, प्राचार्य पीएमश्री कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नारनौल