नांगल चौधरी। नांगल चौधरी रेडक्रॉस कार्यालय में स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनवाने की फाइल नहीं मिलने से चार-पांच दिन से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समय महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया चल रही है, जिसमें मूल निवास प्रमाण की आवश्यकता रहती है। अब जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, छात्रों के माथे पर चिंता की लकीर दिखाई दे रही है। तहसील कार्यालय और जन सेवा केंद्रों पर रोजाना सैकड़ों छात्र मूलनिवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन फाइलें न मिलने, दस्तावेज अधूरे होने या सर्वर की दिक्कतों की वजह से प्रक्रिया में देरी हो रही है।
वहीं महाविद्यालय में दाखिले के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 9 जून है। वहीं सीईटी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जून है। जिसके लिए छात्रों को हरियाणा रेजिडेंस सर्टिफिकेट के अलावा जाति प्रमाण पत्र व अन्य प्रमाण पत्र बनवाने पड़ रहे हैं। दाखिले और सीईटी परीक्षा के लिए जाति व रिहायशी प्रमाण पत्र 6 माह से ज्यादा पुराने नहीं होने चाहिए।
इस कारण अनेक छात्र नए प्रमाणपत्र बनवा रहे हैं, लेकिन पिछले चार दिन से युवा फाइलोंं के लिए लगातार रेडक्राॅस ऑफिस के चक्कर लगा रहे हैं। जिसके चलते बस एक ही बात सुनने को मिल रही है कि अभी फाइल नहीं आई हैं। बुधवार को भी फाइलें नहीं उपलब्ध हो रही थी। जिसके चलते युवाओं व विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकारी इंचार्ज डाॅ. एचपी सिंह ने बताया कि आगे डिमांड भेजी थी, लेकिन हमें प्रिंट करके नहीं भेजी गई। जब हमने वहां दोबारा से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि हमने ट्रांसपोर्ट में लगा दी है, लेकिन अभी तक हमारे पास नहीं पंहुची है। उन्होंने बताया कि बुधवार को फिर से बात हुई है, यह ट्रांसपोर्ट भिवानी पहुंच गया है। उम्मीद है कि आज 4 बजे तक फाइल पहुंच जाएगी। जैसे ही फाइलें हमारे पास आती है, तुरंत प्रभाव से उपलब्ध करवा दी जाएगी।