मंडी अटेली। बस स्टैंड पर हरियाणा राज्य परिवहन की बसों के न रुकने से यात्रियों व विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के गांव गुजरवास, कटकई, सिलारपुर, मोहम्मदपुर, भोड़ी, तिगरा, ताजपुर, फतेहपुर, सैदपुर, पृथ्वीपुरा, राजपुरा, बिहाली, कांटी व चंदपुरा आदि दर्जन भर गांवों से सैकड़ों की तादाद में विद्यार्थी प्रतिदिन महाविद्यालयों व अन्य शिक्षण संस्थाओं में पढ़ने के लिए आते हैं।
छुट्टी होने पर स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों की भीड़ लग जाती है, लेकिन बस स्टैंड पर हरियाणा राज्य परिवहन की बसें नहीं रुकती। ड्राइवर बस को नहीं रोकते, जिसके कारण विद्यार्थियों को निजी वाहनों से जाना पड़ता है, जबकि उनके पास हरियाणा राज्य परिवहन की बसों का पास भी है। बस न रुकने के कारण विद्यार्थियों को समय की बर्बादी, मानसिक और आर्थिक रूप से परेशानी होती है। इसके चलते अनेकों बच्चे समय पर घर नहीं पहुंच पाते।
क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों ने इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से बस स्टैंड पर हरियाणा राज्य परिवहन की बसें नियमित रूप से रोके जाने की मांग की है।