महेंद्रगढ़/कनीना। अपनी मांगों को लेकर तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने बुधवार से हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताली कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर धरना दिया। इसके चलते शहर में बुधवार को सफाई नहीं हुई जिससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे।
दो दिवसीय हड़ताल में नगरपालिका, परिषद, निगमों व अग्निशमन विभाग में कार्यरत तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी शामिल रहे। प्रधान पूर्ण कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की अनेक मांगों को लेकर सरकार के साथ सहमति बनी थी लेकिन अभी तक मांगों को लागू नहीं किया गया है। 4 अक्तूबर को झाडू प्रदर्शन किया तथा 11 व 12 अक्तूबर को दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठे थे लेकिन उनकी मांगों के बारे में कोई संज्ञान नहीं लिया गया। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहे।
हड़ताल को सर्व कर्मचारी संघ खंड महेंद्रगढ़ के प्रधान रण सिंह मालड़ा, हेमसा नेता सुजान मालड़ा, ओमप्रकाश यादव, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार ने समर्थन दिया है।
कनीना : नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारियों को समर्थन देने पहुंचे बसपा नेता ठाकुर आतर लाल ने कहा कि कनीना नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की मांगें जायज हैं। सरकार उन्हें पूरा करे।
------------
- ये है मुख्य मांगें:
समान काम समान वेतन का नियम लागू कराना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का कराना, कौशल रोजगार निगम को बंद कराना, पक्के कर्मचारियों की भर्ती कराने, 25 अप्रैल 2020 व 17 अगस्त 2020 के समझौते को सरकार द्वारा लागू नहीं किया गया उसे जल्द से जल्द लागू किया किया जाए, दमकल विभाग को निकाय में शामिल कराना, निजिकरण पर रोक लगाने, मासिक जोखिम भत्ता 5 हजार रुपये देने, पुरानी पेंशन एवं एक्स ग्रेसियां निति लागू करने, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट देन, कच्चे कर्मचारियों के आकस्मिक निधन पर मिलने वाली राशि तीन लाख से बढ़ाकर 10 लाख की जाए सहित मांगों को लागू करने की मांग की। इस मौके पर संतोष, संजीत, राजेश, विशाल, वीरू, संदीप, निर्मला, बीना, विमला, रज्जो, कमलेश, धनश्याम, शारदा, सतीश, मोहर सिंह, नसीब, धूप सिंह, कविता, आशु, देवानंद, दीपिका, खुशविंद्र, मुकेश सहित अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
-----------