नारनौल। दिल्ली कैंट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म निर्माण के चलते 13 अक्तूबर तक 13 ट्रेनों का ठहराव अस्थायी बंद रहेगा। इससे नारनौल, महेंद्रगढ़ व आसपास क्षेत्र के सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला एक्सप्रेस, जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर, अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला जनशताब्दी, बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला, बाड़मेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला, भुज-दिल्ली सराय रोहिल्ला दिल्ली कैंट स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।
साथ ही जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस, साबरमती-वाराणसी, उदयपुर सिटी-न्यू जलपाईगुड़ी, बीकानेर-हावड़ा, दिल्ली सराय रोहिल्ला-भुज, दिल्ली सराय रोहिल्ला-अजमेर जनशताब्दी तथा दिल्ली सराय रोहिल्ला-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस ट्रेनें दिल्ली कैंट स्टेशन पर नहीं रुकेंगी।
.................
दिल्ली कैंट पर निर्माण जरूरी है लेकिन सैकड़ों यात्री रोज दिल्ली कैंट पर उतरते हैं। अब उन्हें गुरुग्राम या सराय रोहिल्ला पर उतरकर मेट्रो और ऑटो का सहारा लेना पड़ेगा। बुजुर्गों, महिलाओं और सामान वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत होगी। रेलवे प्रशासन से मांग है कि निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कर जल्द-से-जल्द ठहराव बहाल किया जाए।
-पूनम चन्द फौजदार, उपाध्यक्ष, दैनिक रेल यात्री संघ, नारनौल
.................
नारनौल स्टेशन से ट्रेनों का संचालन पहले ही बेहद कम है। लोग मजबूरी में दिल्ली जाने के लिए इन्हीं ट्रेनों में रिजर्वेशन कराते हैं। जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक करवा रखी है, उन्हें अब भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी। कई लोगों की नौकरी, स्कूल-कॉलेज और अस्पताल की अपॉइंटमेंट इसी स्टेशन पर निर्भर है।
-गणेश शर्मा, प्रधान, दैनिक रेल यात्री संघ, नारनौल