नारनौल के नागरिक अस्पताल में कार्यरत सहायक अधीक्षक के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। सहायक अधीक्षक अस्पताल में तैनात एक स्टाफ नर्स के घर गया था। इस दौरान उसके पति ने मारपीट की। सहायक अधीक्षक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में केशव नगर निवासी अविनाश ने बताया कि वह नारनौल नागरिक अस्पताल में सहायक अधीक्षक के पद पर तैनात है। 21 नवंबर को सुबह लगभग 6 बजे के पास वह सैर पर गया था। इस दौरान अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स ज्योति यादव का मैसेज आया की सर आप घूम रहे हो तो आप से काम है, आते समय एक पैकेट दूध का ले आना। जिस पर वह दूध का पैकेट लेकर ज्योति के मकान परशुराम कॉलोनी में पहुंचा तो उसने वहां चाय बना ली। जिसके बाद वह चाय पी ही रहा था। इस दौरान ज्योति का पति धीरज व एक लड़का आ गया।
धीरज ने अंदर आते ही उसके साथ गाली गलोच कर मारपीट करनी शुरू कर दी। उसे नीचे गिराकर लात घुसे मारे और बुरी तरह से मारपीट की। जब उसका बीच बचाव ज्योति ने किया तो उसके साथ भी मारपीट की। उसने गले में सोने की 6 तोले की चेन पहन रखी थी। वह भी छीन ली। इसके बाद जान से मारने की नियत से उसे व ज्योति को मकान के अंदर बंधक बनाकर बाहर से ताला लगा दिया। उसने अपनी पत्नी को फोन कर जानकारी दी। उसने मौके पर पहुंच कर मुश्किल से उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल में उपचार के लिए दाखिल करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।