महेंद्रगढ़। गांव लावन में बाबा मेहरवाली के दूसरे मेले के अवसर पर 23 अगस्त को खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर कमेटी व ग्रामीणों के सहयोग से एथलेटिक, कबड्डी, वॉलीबाॅल, कुश्ती प्रतियोगिता और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर कमेटी के प्रधान रतन सिंह डागर और सरपंच कुलदीप यादव ने बताया कि एथलेटिक प्रतियोगिता सुबह आठ बजे से शुरू होगी। महिला और पुरुष की 100, 800 व 1500 मीटर दौड़ होगी। इसमें विजेता को 5100, उप विजेता को 3100 तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 2100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बच्चों की 100 मीटर, बुजुर्गों की 400 मीटर, महिलाओं के लिए मटका दौड़ प्रतियोगिता भी होगी। वहीं ओपन कबड्डी की विजेता टीम को 51 हजार तथा उप विजेता टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वॉलीबॉल की विजेता टीम को भी 31 हजार व उप विजेता को 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा रस्साकशी के मुकाबले भी कराए जाएंगे।
सुजान मालड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह 10 बजे से शुरू होगी। इसमें गायक कलाकार सुरेश निदानिया, कर्मपाल शर्मा, महिला कलाकारों में मंजू शर्मा, कोमल चौधरी, मनीषा प्रस्तुति देंगे। सुबह नौ बजे से बाबा की समाधि स्थल पर भंडारा शुरू किया जाएगा। कमेटी के उप प्रधान सत्यपाल लावनिया ने बताया कि मेले में मुख्य अतिथि महेंद्रगढ़- भिवानी लोकसभा सांसद चौधरी धर्मबीर, विधायक कंवर सिंह यादव व जिला प्रमुख डॉ. राकेश यादव होंगे।
विशिष्ट अतिथि प्रो. रामबिलास शर्मा पूर्व मंत्री, राव दान सिंह पूर्व सीपीएस, राव बहादुर सिंह पूर्व विधायक, देवेंद्र प्रधान जिला पार्षद, पूनम देवी जिला पार्षद, संदीप मालड़ा भाजपा जिला सचिव एवं डॉ. मनीष यादव रहेंगे।