फोटो संख्या:77- सराफा बाजार में जानकारी देते दुकानदार--संवाद
महेंद्रगढ़। सर्राफा बाजार के 17 सुनारों का करीब सवा करोड़ रुपये का सोना लेकर भागे कारीगर की तलाश में पुलिस ने स्पेशल टीम गठित की है। जांच में आरोपी सुनील कुमार उर्फ छोटे की अर्टिगा कार के देहरादून तक जाने की जानकारी ट्रेस हुई है।
पुलिस टीमें गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं और सोने की बरामदगी का प्रयास भी किया जा रहा है।
बता दें कि सुनील कुमार नौताना का मूल निवासी है और फिलहाल शिव कॉलोनी, महेंद्रगढ़ में रहता था। वह करीब 10 साल से सर्राफा बाजार में सुनारों के लिए जेवर बनाने का काम करता था। आरोप है कि 13 नवंबर को 17 सुनारों का कुल 930.690 ग्राम सोना उसके पास था।
अगले दिन सुबह करीब 5:20 बजे वह अर्टिगा कार में जाता दिखाई दिया। सुबह 8 बजे सुनार देवेंद्र कुमार ने संपर्क करना चाहा तो मोबाइल बंद मिला। घर और दुकान पर तलाश की गई, पर कुछ नहीं मिला। आरोपी के पिता ने बताया कि वह खाटू श्याम घूमने गया है।
शिकायत के मुताबिक देवेंद्र कुमार का 225 ग्राम, विनय कुमार का 39.500 ग्राम, मुकेश कुमार का 60 ग्राम और लच्छी राम का 113 ग्राम सोना गायब है। गोविंद कुमार के 14 ग्राम सोने के साथ तीन लाख रुपये नकद भी गायब बताए गए हैं। अन्य सुनारों का सोना भी इसमें शामिल है।
फोटो संख्या:77- सराफा बाजार में जानकारी देते दुकानदार--संवाद