नारनौल। कड़ाके की ठंड को साथ शहर के बाजारों में गर्म स्टोल की बिक्री में तेजी देखने को मिल रही है। ठंडी हवाओं से बचाव के लिए खास तौर पर महिलाओं और युवतियों में स्टोल की मांग बढ़ गई है।
बाजार में विशेष रूप से पानीपत से आने वाले गर्म स्टोल लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं जिससे दुकानदारों की बिक्री भी उत्साहजनक बनी हुई है।शहर की रेडीमेड परिधान दुकानों सहित 150 स्थानों पर स्टोल की बिक्री की जा रही है।
महावीर मार्ग, पुल बाजार, रेस्ट हाउस रोड, सिंघाना रोड, पार्क रोड गली तथा किला रोड सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में अस्थायी दुकानें लगी हुई हैं। इन दुकानों पर विभिन्न रंगों, डिजाइनों और क्वालिटी के स्टोल उपलब्ध हैं जो महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं।
स्टोल बेच रहे दुकानदार यशपाल, नरेंद्र, आकाश और विजय ने बताया कि उनके पास बिकने वाले गर्म स्टोल मुख्य रूप से पानीपत से मंगवाए जाते हैं। पानीपत के स्टोल अपनी गर्माहट, आकर्षक डिजाइन और उचित कीमत के कारण महिलाओं व युवतियों की पहली पसंद बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि बाजार में स्टोल की कीमत 100 रुपये से शुरू होकर गुणवत्ता और डिजाइन के अनुसार 500 रुपये तक है। इनमें पश्मिना स्टोल महिलाएं ज्यादा पसंद कर रही हैं।
दुकानदारों के अनुसार सर्दी बढ़ने के साथ ही ग्राहकों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। एक दुकान पर रोजाना औसतन 15 से 20 स्टोल की बिक्री हो रही है, जिससे कारोबारियों में संतोष देखा जा रहा है। खासकर सुबह और शाम के समय बाजारों में स्टोल खरीदने वालों की भीड़ अधिक रहती है।
ग्राहकों का कहना है कि स्टोल न केवल सर्दी से बचाव में सहायक हैं बल्कि यह फैशन का भी अहम हिस्सा बन चुके हैं। इसी कारण महिलाएं और युवतियां अलग-अलग रंगों व डिजाइनों के स्टोल खरीद रही हैं।
कुल मिलाकर सर्दी के मौसम ने शहर के बाजारों में रौनक बढ़ा दी है और स्टोल व्यापारियों के लिए यह समय काफी लाभदायक साबित हो रहा है।