जिला पुलिस मुख्यालय का निरीक्षण करतीं साउथ रेंज आईजी नाजनीन भसीन। स्रोत : पुलिस
रेवाड़ी। साउथ रेंज आईजी नाजनीन भसीन ने जिला पुलिस मुख्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मामलों में पुलिस की ओर से जब्त किए गए मादक पदार्थों का निस्तारण प्रक्रिया से पहले बारीकी से निरीक्षण किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों में पकड़े गए नशीले पदार्थों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मादक पदार्थों की मात्रा, सील की स्थिति, वजन और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच की। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि निस्तारण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार हो सके।
वजन मापने और सील की जांच के बाद उन्होंने मौजूद अधिकारियों को जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पुलिस कल्याण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईजी नाजनीन ने कहा कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक और डेटा का बेहतर इस्तेमाल किया जाए ताकि अपराधियों पर लगाम कसी जा सके।
अपराध प्रक्रिया, लंबित मुकदमों और गिरफ्तारियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और नशे के सौदागरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए।