मंडी अटेली। भारतीय सेना की सिग्नल कोर में तैनात 33 वर्षीय हवलदार मनोज कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। जवान की असमय मौत से परिवार और क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। मंगलवार को गांव चंदपुरा में उनका पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों के अनुसार मनोज कुमार 15 जून को छुट्टी पर घर आए थे। हाल ही में वे माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटे थे। सोमवार को वह अपने निर्माणाधीन मकान की छत पर टीन शेड की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया और वह छत से नीचे गिर गए।
परिजन उन्हें तुरंत रेवाड़ी के अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार सदमे में है। परिजनों ने बताया कि मनोज कुमार का परिवार लंबे समय से सेना से जुड़ा रहा है। उनके दादा और पिता सूबेदार मेजर रणवीर सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं। मनोज परिवार की तीसरी पीढ़ी के रूप में सेना में सेवाएं दे रहे थे।