कच्चागढ़ आश्रम में कैलाश मानसरोवर की मुक्ति हेतु संकल्प लेते शिव भक्त ।
- फोटो : Narnol
भारत तिब्बत सहयोग मंच की जिला इकाई ने श्रावण मास के प्रारंभ होने पर कैलाश मानसरोवर को चीन के अवैध कब्जे से मुक्त करवाने के लिए शिव भक्तों को संकल्प दिलाया। भारत तिब्बत सहयोग मंच के जिला संयोजक मनीष वशिष्ठ एडवोकेट ने बताया कि प्राचीन कच्चागढ़ शिव मंदिर में कैलाश मानसरोवर को चीन के अवैध कब्जे से मुक्त करवाने के लिए श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया। उन्होने कहा कि शिव भक्तों ने श्रावण मास के प्रारंभ होने के दिन भगवान शिव पर जलाभिषेक करते हुए संकल्प लिया कि देवों के देव महादेव के निवास स्थान कैलाश मानसरोवर, जो कि चीन के अवैध कब्जे में है कि मुक्ति तक चैन से नहीं बैठेंगे तथा इस दिशा में किए जाने वाले हर प्रयास का सहयोग करेंगे। शिव भक्तों ने भगवान शंकर से इस संकल्प को पूर्ण करने की शक्ति प्रदान करने की भी प्रार्थना की।
वशिष्ठ ने बताया कि भारत तिब्बत सहयोग मंच, भगवान शिव के निवास स्थान कैलाश मानसरोवर को चीन के अवैध कब्जे से मुक्त करवाने के लिए अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में मंच के कार्यकर्ताओं ने देश के कोने कोने से करोड़ों की संख्या में हस्ताक्षर करवा कर राष्ट्रपति को सौंप चुके हैं। उन्होंने बताया कि भारत तिब्बत सहयोग मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के नेतृत्व में कैलाश मानसरोवर की मुक्ति हेतु व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों शिव भक्तों के संकल्प से जल्द ही श्रद्धालु बिना पासपोर्ट व वीजा के अपने आराध्य भगवान शिव के स्थान कैलाश मानसरोवर के दर्शन कर सकेंगे।
इस अवसर पर कच्चागढ़ आश्रम के महंत रणवीरानंद महाराज, राजेश सैनी एडवोकेट, औशांक शांडिल्य एडवोकेट, दयाकृष्ण सैनी, अमित शर्मा, रौनक शर्मा, दीपांशु वर्मा, पंकज सैन, प्रमोद यादव, महेश सैनी व सुरेंद्र आदि शिव भक्त उपस्थित रहे।