महेंद्रगढ़। रिकॉर्ड व किराया वसूली को लेकर चेयरमैन रमेश सैनी ने बुधवार को नगर पालिका के सचिव गौरव सांगवान व संबंधित शाखा लिपिक को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें नपा की दुकानों के किराए वसूल में कोई रुचि नहीं दिखाने व कार्यालय के सभी प्रकार के रिकॉर्ड की सूची उपलब्ध न कराने के लिए जवाब देने होगा।
नोटिस के अनुसार, बालाजी चौक से आईटीआई रोड तक निर्मित लगभग 60 से अधिक दुकानों का किराया बिना किसी वैध एवं लिखित कारण के लंबे समय से वसूल नहीं किया जा रहा है। इस कारण नगर पालिका को राजस्व की हानि उठानी पड़ रही है जो कि प्रशासनिक लापरवाही एवं वित्तीय अनुशासनहीनता का गंभीर मामला है।
प्रधान द्वारा पहले भी कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से निर्देश जारी किए जा चुके हैं लेकिन संबंधित रेंट क्लर्क के विरुद्ध कोई विभागीय कार्रवाई की गई है और न ही दुकानदारों से किराया वसूली सुनिश्चित करने के प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
- वर्जन:
पहले सचिव व लिपिक को समस्याओं के समाधान के लिए मौखिक रूप से अवगत कराया गया है लेकिन अभी तक किराया वसूली व रिकॉर्ड की कोई सूची तैयार नहीं की गई। इसको लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में जवाब नहीं देने पर प्रदेश सरकार, उपायुक्त एवं जिला नगर आयुक्त को अवगत करा ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।
-रमैश सैनी, चेयरमैन नगर पालिका, महेंद्रगढ़