नारनौल। शहर की मोहिनी गली में रेवाड़ी मार्ग की ओर से आने वाले रास्ते पर शनिवार दोपहर के समय बिजली निगम के कर्मचारियों ने तार को बदलने के लिए खंभा लगा दिया। इसका माेहिनी गली के दुकानदारों ने विरोध जताने के लिए एकत्रित हो गए।
दुकानदारों का कहना था कि जब तक यह खंभा नहीं हटाया जाएगा, वे यहीं बैठे रहेंगे। दुकानदारों का कहना था कि कर्मचारियों ने यह खंभा रास्ते के अंदर गलत जगह पर लगा दिया है।
उन्होंने कहा कि खंभे को लगाने में ठेकेदार अपनी मनमानी कर रहा है। जिसे लेकर मोहिनी गली के दुकानदारों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि मोहिनी गली का बाजार पहले से ही मात्र 11 फीट चौड़ा है और अब इस गली की तरफ आने वाले रास्ते पर खंभा लगाने के कारण यहां दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
दुकानदारों के रोष को देखते हुए भाजपा नेता गाेविंद भारद्वाज व नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी के पति रघुबीर सैनी जिनका प्रतिष्ठान भी इस गली में हैं, उन्होंने बिजली निगम के एक्सईएन से फोन पर बात कर खंभा हटवाने की मांग रखी।
उन्होंने दुकानदारों की परेशानी को देखते हुए खंभे को जल्द हटवाने की बात कही। इसके बाद दुकानदारों का गुस्सा शांत हुआ।