फोटो संख्या:65- सतनाली में लोगों को अपना सामान निर्धारित स्थान पर लगाने के लिए निर्देश देते एसड
सतनाली। अवैध अतिक्रमण को लेकर प्रशासन अब सख्ती बरत रहा है। वीरवार को उपमंडल अधिकारी ने पंचायत विभाग के अधिकारियों के साथ सतनाली टी प्वाइंट से लोहारू चौक, खोखा मार्केट में अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया।
उपमंडल अधिकारी अनिल कुमार यादव ने दुकानदारों से पक्के अतिक्रमण को हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुकानदार निर्धारित सीमा में ही अपना सामान रखें तथा किसी भी रूप से किए गए अवैध अतिक्रमण को शीघ्रता से हटाएं। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मनोज कुमार, समाज शिक्षा पंचायत अधिकारी प्रवीण कुमार भी उपमंडल अधिकारी के साथ रहे। उपमंडल अधिकारी ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुकानों के आगे कच्चा या पक्का अतिक्रमण स्वयं हटा लें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जल्द ही मुख्य बाजार में भी ऐसे चबूतरों या अन्य किसी प्रकार का अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर सरपंच प्रतिनिधि धर्मबीर गोठवाल ने बताया कि मार्केट में व्यापारियों व दुकानदारों को सूचना दे दी गई है। व्यापारी व दुकानदार अवैध रूप से किए गए कच्चे या पक्के अतिक्रमण को स्वयं हटा लें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। दुकानदाराें को अतिक्रमण हटाने के लिए शुक्रवार 10 बजे तक का समय दे दिया गया है।