नारनौल क्षेत्र के एक दुकानदार को सामान देने से मना करना महंगा पड़ गया। जिसके बाद सामान उधार में नहीं मिलने पर उक्त व्यक्ति ने दुकानदार के खेत में कटी फसल में आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पिड़ित दुकानदार खेत में पहुंचा और दमकल केंद्र पर आगजनी की सूचना दी।
पुलिस शिकायत में हसनपुर निवासी शैलेंद्र ने बताया कि उसने गांव में एक छोटी सी किरयाणा की दुकान कर रखी है। 24 मार्च की रात करीब 8 बजे मानसिंह दुकान पर आया, जिसने कुछ सामान उधार में मांगा तो उधार देने से मना कर दिया। इस पर मानसिंह ने उसे धमकी दी कि तुझे इसका खामियाजा अभी पता चल जाएगा और वह धमकी देकर चला गया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने उसके खेत में सरसों की कटी हुई फसल में आग लगा दी।
जब वह आग लगाकर भागा तो उसको विरेंद्र ने मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद विरेंद्र दुकानदार को सरसों में आग लगाने की जानकारी दी। वह खेत में पहुंचे तथा पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इस आगजनी में उसकी डेढ़ एकड़ की कटाई कर एकत्रित की सरसों की फसल जलकर राख हो गई। पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।