नारनौल। राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्णपदक विजेता पैरा खिलाड़ी शर्मिला धनखड़ 9 अगस्त को शहर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन में बैत ब्रांड अंबेसडर भाग लेंगी। उन्होंने इसकी सहमति दे दी है। हाफ मैराथन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे।
उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने बताया कि महेंद्रगढ़ के गांव छितरोली की बेटी शर्मिला हाफ मैराथन का गौरव बढ़ाएंगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों में नई ऊर्जा का संचार कर उन्हें खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बनाने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी। इसमें प्रसिद्ध गायक अमित सैनी रोहतकिया गीतों से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देंगे।
उन्होंने आमजन और प्रतिभागियों से अपील करते हुए कहा कि मैराथन में भाग लेने के लिए नागरिकों के पहुंचने का समय सुबह 5:30 बजे तय किया गया है।
इसके तुरंत बाद सुरक्षा व सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मैराथन मार्ग से जुड़े सभी आसपास के रूट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे, इसलिए सभी नागरिक समय का विशेष ध्यान रखते हुए समय पर पहुंचे।
उपायुक्त लिया तैयारियों का जायजा
शहर में नशा मुक्ति का संदेश देने के लिए आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन दौड़ की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त अनुपमा अंजली मंगलवार को नूनी शेखपुरा-सेक्टर मोड़ पर पहुंची तथा वहां पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद थे। उन्होंने यहां पर बनने वाली मचान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम की स्टेज के लिए स्थान का निर्धारण किया। उपायुक्त ने बताया कि अब इस दौड़ का स्टार्टिंग पॉइंट नूनी शेखपुरा-सेक्टर मोड़ से शुरू होगा। 5 किलोमीटर वाले धावक मिनी बाईपास से थोड़ा आगे तथा सूरज स्कूल से पहले वाले कट से यू टर्न लेंगे। वहीं 10 किलोमीटर वाले धावक अब टांटला चौक के नीचे से निकलकर लहरोदा गांव में मित्रपुरा चौक से यू टर्न लेंगे।