गांव शहबाजपुर में रविवार देर सायं दहशत फैलाने के लिए गोली चलाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालातों का जायजा लिया और चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी युवकों को पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गांव शहबाजपुर के मीणा मोहल्ला में बीते कुछ दिनों से गांव के ही दहशतगर्दों द्वारा मोहल्ले में आतंक का माहौल बनाते हुए बाइकों से चक्कर लगा लोगों से गली गलौच करने जैसी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। इन सब हरकतों से परेशान होकर मोहल्लावासियों ने रविवार सायं को लगभग सात बजे इन्हें रोकते हुए गली गलौच बाबत पूछा तो आरोपी युवकों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। उधर मोहल्ले के लोग भी
जमा हो गए। अपने आप को घिरा देख आरोपी युवकों में से एक ने पिस्टल से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। इस घटना में मोहल्ले के तीन युवकों को चोटें भी आयी हैं, जिन्हें नांगल चौधरी के सामान्य अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया, जहां युवकों की हालत गंभीर देखते हुए इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की जा चुकी है, जल्द ही आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।