महेंद्रगढ़ में एक होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। सूचना पर पुलिस ने एक होटल में छापा मारकर दो युवती तथा तीन युवकों को पकड़ा। थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को सूचना है कि शहर के कुछ होटल अय्याशी के अड्डे बने है।
बुधवार को महेंद्रगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में सेक्स रैकेट का धंधा चल रहा है, जहां युवक और युवती बाहर से आते हैं। सूचना पर थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित की। दोपहर में पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। छापा पड़ते ही होटल में हड़कंप मच गया। बताया गया है कि होटल संचालक ने पुलिस पर रौब दिखाया तथा अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया।
इसके बावजूद पुलिसकर्मी उस कमरे में पहुंच गए, जहां यह रैकेट चल रहा था। पुलिस ने कमरे से दो युवती और तीन युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। शहर थाना प्रभारी अनिरुद्ध चौहान ने बताया कि छापामार कार्रवाई के तहत गांव झमरी निवासी रमेश इसराना निवासी प्रहलाद, माजरा कला निवासी प्रवीण को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
महिला आयोग की शिकायत पर कार्रवाई
पुलिस सूत्राें की माने तो सेक्स रैकेट के संबंध में महिला आयोग से पुलिस को पत्र मिला था। इस पत्र के आधार पर पुलिस ने शहर में चल रहे होटलों को सर्च कर रेलवे स्टेशन के पास होटल पर छापा मारा था। पहले ही छापे में पुलिस को कामयाबी मिल गई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि शहर में चल रहे होटलों में पिछले लंबे समय से सेक्स रैकेट चल रहे हैं। जल्द ही बडे़ गिरोह के पकड़े जाने की भी संभावना है।
होटल मालिक पर मेहरबान हुई पुलिस
थाना पुलिस ने सेक्स रैकेट में शामिल युवक और युवतियों पर तो मामला दर्ज कर लिया, लेकिन होटल मालिक पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। अमूमन पुलिस जहां सेक्स रैकेट पकड़ती है उसके मालिक पर भी केस करती है, लेकिन यहां ऐसा नहीं किया गया। पुलिस भी होटल मालिक को बचाने के मूड में दिखी। बताया जा रहा है कि पुलिस होटल मालिक के दबाव में आ गई है।