कनीना। शहर के वार्ड नंबर 13 में पिछले छह माह से सीवर व्यवस्था ठप होने के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। सीवर लाइन जाम होने से गंदा पानी गलियों में फैल रहा है और घरों में वापस घुस रहा है। इससे पूरे वार्ड में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन
वार्ड निवासी सुशील मित्तल ने बताया कि सीवर लाइनों में गंदगी जमा होने से पानी की निकासी बंद हो गई है। घरों में दुर्गंध रहने से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को भी परेशानी हो रही है।
कृष्ण, मास्टर दिलीप सिंह, सुशील और शीलू ने बताया कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। समाधान शिविर में भी समस्या उठाई गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरसात में गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है।
विज्ञापन
वार्डवासियों ने सीवर लाइनों की तुरंत सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो अधिकारियों के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।