फोटो 2स्टेडियम में वॉलीबॉल मैच खेलते युवा।स्रोत डीआईपीआरओ
नारनौल। नांगल चौधरी खंड के धौलेडा गांव में स्थित स्टेडियम के जीर्णोद्धार के बाद खेल विभाग ने एक कोच की नियुक्ति की। इससे ग्रामीण बच्चों मार्गदर्शन मिलने लगा। अब यहां 400 मीटर का ट्रैक भी तैयार किया जा रहा है ताकि खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में देश का नाम रोशन कर सकें।
2022 में एक स्पोर्ट्स ट्रस्ट बनाया गया जो स्टेडियम की देखभाल, हरियाली बनाए रखने और साफ-सफाई का जिम्मा लेता है। इसमें भीम सिंह ग्रामीणों को साथ लेकर दिन-रात मेहनत करते हैं। सामुदायिक भागीदारी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने योजनाओं का और विस्तार किया। 2024 में वॉलीबॉल नर्सरी और 2025 में तैराकी नर्सरी की शुरुआत की गई जहां 25 बच्चों को हर महीने 2000 रुपये डायट राशि दी जाती है।
यह आर्थिक मदद बच्चों के पोषण और उनके खेल प्रदर्शन में सुधार ला रही है। स्टेडियम आसपास के 8 से 10 गांवों के बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। यहां के खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का ही नतीजा है कि कई युवा स्पोर्ट्स कोटे से सरकारी नौकरियों में जगह बना रहे हैं।
हाल ही में राज्यस्तरीय खेल महाकुंभ के लिए स्टेडियम से 7 खिलाड़ियों का चयन हुआ। इसमें 6 बच्चों का तैराकी और एक का वॉलीबॉल में चयन हुआ है।
इंसेट
खिलाड़ियों की जुबानी सफलता की कहानी
वॉलीबॉल खिलाड़ी चेतन (अंडर-19) ने बताया कि हरियाणा सरकार से डायट राशि के रूप में 2000 रुपये प्रति महीना मिलता है। खेल ग्राउंड में नियमित कोच अंकुश की मौजूदगी में तैयारी करते हैं। तैराकी खिलाड़ी अनुराग व अर्जुन (अंडर-17) का कहना है हरियाणा सरकार की योजना से खेल में रुचि, प्रदर्शन और हेल्थ में सुधार हुआ है।