रेवाड़ी। जिले के राजकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं और 11वीं की सेट-2 की परीक्षाएं शांतिपूर्ण ढंग से जारी हैं। बुधवार को परीक्षा के तीसरे दिन सुबह की पाली में कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने विज्ञान विषय की परीक्षा दी जबकि कक्षा 11वीं के छात्रों के लिए हिंदी कोर विषय की परीक्षा हुई।
दोपहर बाद की पाली में कक्षा 9वीं के लिए संस्कृत, पंजाबी और उर्दू विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। वहीं इसी पाली में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने गणित, जीव विज्ञान, राजनीतिक विज्ञान और लोक प्रशासन विषयों की परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई थी।
कहीं से भी नकल या अव्यवस्था की कोई शिकायत सामने नहीं आई। शिक्षा विभाग के अनुसार सेट-2 की परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर ही कराई जा रही हैं जिससे विद्यार्थियों को परिचित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिल रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि सभी विद्यालयों को परीक्षाओं के अंक समय पर एमआईएस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है ताकि परिणाम प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो।