फोटो नंबर- 17हरीश सैनी, सीएससी केंद्र संचालक, नारनौल।
नारनौल। परिवार पहचान पत्र में जन्म तिथि के सत्यापन का संदेश आने के बाद से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ रुकने का डर सता रहा है। वहीं गत कुछ दिनों से साइट का सर्वर भी डाउन चल रहा जिस कारण जन्म तिथि का सत्यापन कराने में परेशानी हो रही है।
लोगों के पास पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश आ रहे हैं कि पीपीपी में आपकी जन्म तिथि सत्यापित नहीं है, इसलिए सत्यापन करवाएं अन्यथा योजनाओं का लाभ रोक दिया जाएगा। संदेश में यह भी लिखा है कि संदेश मिलने के 30 दिन के दौरान सत्यापन करवाना अनिवार्य है। अधिकतर ऐसे लोगों को संदेश भेजे जा रहे हैं जो वृद्धावस्था पेंशन या अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।
लोगों का कहना है कि पीपीपी में आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज पहले से लिंक है लेकिन फिर भी जन्म तिथि का सत्यापन परेशानी बढ़ा रहा है। वहीं कई बुजुर्ग ऐसे भी है जो बुढ़ापा पेंशन के लिए पात्र तो हैं लेकिन जन्म तिथि का सत्यापन करवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज के लिए उन्हें सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ सकते हैं।
जिन लोगों के पास संदेश आया है, उन्हें पीपीपी में सत्यापन करवाना अनिवार्य है। रोज 10 से 15 लोग सत्यापन के लिए आ रहे हैं लेकिन साइट का सर्वर डाउन चल रहा है।
-हरीश सैनी, सीएससी केंद्र संचालक, नारनौल
-
पीपीपी में जन्म तिथि का सत्यापन करने का संदेश आया है। किन दस्तावेजों की आवश्यकता है इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। डर है कहीं योजनाओं का लाभ मिलना बंद ना हो जाए।
-राजबाला, वार्ड-1, ढाणी किरारोद
पीपीपी में जन्म तिथि के सत्यापन का संदेश आया है लेकिन सर्वर डाउन रहने और दस्तावेज एकत्रित करने के चलते कार्य पूरा नहीं हो पाया। सरकार से मांग है कि जन्म तिथि का सत्यापन अनिवार्य किया जाए लेकिन अंतिम तिथि निर्धारित नहीं की जाए।
-कौशल्या देवी, गांव किरारोद अफगान