फोटो नंबर -16नर नारायण सेवा समिति के वार्षिकोत्सव के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित करते
नारनौल। नर नारायण सेवा समिति की ओर से रविवार को बस स्टैंड के पीछे स्थित यादव धर्मशाला में वार्षिक उत्सव श्रद्धा और सामाजिक सेवा की भावना के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘नैतिक एवं चारित्रिक उत्थान से राष्ट्र की प्रगति’ रहा। समारोह में समाजसेवी, शिक्षाविद, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग शामिल हुए।
बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने समिति के सेवा कार्यों की सराहना की।समिति प्रधान रामसिंह मधुर ने कहा कि देश की असली तरक्की केवल आर्थिक विकास से नहीं होती। नागरिकों में अच्छे संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और मानवीय मूल्यों का होना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार देना समय की जरूरत है। उनके अनुसार संस्कारवान पीढ़ी ही मजबूत समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रखती है। उन्होंने बताया कि समिति वर्षभर जरूरतमंदों की मदद के साथ सामाजिक और जनहित के कार्य करती है।
वर्ष 2026 में रेवाड़ी रोड स्थित स्वर्ग आश्रम में जनसुविधाओं का विस्तार, गोपाल गोशाला में सहयोग और रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर यात्रियों के लिए कार्य किए गए।
समारोह में एमएएसडी स्कूल और गांधी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताओं और नाटकों की प्रस्तुति देकर राष्ट्रप्रेम और संस्कारों का संदेश दिया। दर्शकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन संजय गर्ग ने किया।इस दौरान मार्च 2026 में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में जिले में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
90 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला। धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।