फोटो 28मतदान के लिए लाइन में लगे मतदाता।संवाद
मंडी अटेली। खंड के गांव फतेहपुर में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव में साइकिल चुनाव चिन्ह पर मैदान में उतरीं सीमा देवी ने 572 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमन देवी को 157 वोटों से पराजित किया। सुमन देवी को 415 मत मिले जबकि नोटा के पक्ष में 4 वोट पड़े।
गांव में कुल 1247 मतदाता हैं जिनमें 646 पुरुष और 601 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चला। उपचुनाव में कुल 991 मत पड़े और मतदान प्रतिशत 79.5 फीसदी रहा। मतदान समाप्त होते ही केंद्र पर मतगणना शुरू कर दी गई और देर शाम परिणाम घोषित कर दिए गए।
प्रशासन की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि पुलिस अधिकारी और गश्ती दल समय-समय पर निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
सरपंच पद के लिए शुरुआत में पांच महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया था लेकिन बाद में तीन उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद पूर्व सरपंच परिवार से जुड़ी सीमा देवी और रामप्रताप मुनीम की पुत्रवधू सुमन देवी के बीच सीधा मुकाबला रह गया। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन दोनों पक्षों के समर्थकों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। पूर्व सरपंच मोनिका के सरकारी नौकरी में चयन होने के बाद इस्तीफा देने से यह सीट खाली हुई थी जिसके चलते उपचुनाव कराया गया।
103 वर्षीय मंकौरी देवी भी वोट डालने पहुंची
सरपंच चुनाव में 103 वर्षीय महिला मंकौरी देवी भी वोट डालने पहुंची। हालांकि उन्हें व्हीलचेयर की मदद से बूथ तक लेकर जाया जाएगा।
थाना गांव में नहीं आया पंचों का आवेदन
नारनौल के थाना गांव में दो वार्डों में पंचों का चुनाव होना था लेकिन आवेदन नहीं आने से चुनाव नहीं हो सका। ऐसे में अब फिर से चुनाव प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं बुढवाल में राहुल और इकबालपुर नंगली में सूरज निर्विरोध चुने गए। वहीं निजामपुर खंड के ग्राम पंचायत नापला में पंच सूबेसिंह के निधन के बाद रिक्त सीट पर उनके पुत्र नीलेश को निर्विरोध पंच चुना गया।
कुल मतदाता - 1247
वोट डाले- 991
किसको कितने वोट मिले
सीमा - 572
सुमन-415
नोटा-4