नारनौल। स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। राजकीय महाविद्यालय में पहली सूची के बाद भी कई स्नातक पाठ्यक्रमों में सीटें खाली हैं। पहली काउंसिलिंग में चयनित विद्यार्थियों को 27 जुलाई तक प्रवेश फीस जमा करनी होगी। इसके बाद बची हुई सीटों के आधार पर उच्चतर शिक्षा विभाग 29 जुलाई को दूसरी मेरिट सूची जारी करेगा।
राजकीय महाविद्यालय की दूसरी काउंसिलिंग में अधिक विद्यार्थियों के चयन की उम्मीद है। कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. सतीश सैनी ने बताया कि फीस जमा करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई है। इसके बाद दूसरी सूची जारी कर खाली सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।
कॉलेज में बीए, बीकॉम और बीएससी सहित कई पाठ्यक्रमों में अभी सीटें उपलब्ध हैं। पहली सूची में नाम नहीं आने वाले विद्यार्थियों को निराश होने की जरूरत नहीं है। वे दूसरी मेरिट सूची का इंतजार करें।
अब तक बीए की 660 सीटों में 106, बीबीए की 40 में 6, बीकॉम की 240 में 31, बीसीए की 40 में 13, लाइफ साइंस की 160 में 29 और फिजिकल साइंस की 400 सीटों में 65 दाखिले हो चुके हैं। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से प्रवेश पोर्टल पर नियमित जानकारी जांचने और समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।