नारनौल-रेवाड़ी नेशनल हाइवे पर मंगलवार सुबह गांव सुरजापुर के समीप स्कॉर्पियो गाड़ी का संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से टकरा गई। जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 व एंबुलेंस की सहायता से घायलों को अटेली की सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने चालक सुमित को मृत घोषित कर दिया तथा घायलों को उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रेवाड़ी शहर के मोहल्ला गुजरवाड़ा निवासी सुमित 27 वर्षीय अपने साथी कुलदीप व यश के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर रेवाड़ी से राजस्थान की ओर किसी कार्य से जा रहे थे। इस दौरान गांव सुरजापुर के समीप सड़क मार्ग पर पानी का जमावड़ा होने के कारण उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। जिसके कारण गाड़ी डिवाइडर से टकराते हुए दो बार पलटी खा गई। इस घटना में तीनों युवक घायल हो गए थे।
घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से अटेली की सामान्य अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने चालक सुमित को मृत घोषित कर दिया तथा कुलदीप व यश को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का नारनौल सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया तथा आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।