फोटो संख्या:82- गांव नौताना में हत्या में शामिल गाड़ी के साथ आरोपी ---स्रोत- पुलिस
कनीना। गांव नौताना में शुक्रवार रात विवाद के बाद स्कॉर्पियो से कुचलकर एक वृद्ध की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी नीरज व तरुण से वारदात में प्रयोग की गई स्कॉर्पियो गाड़ी व डंडे बरामद कर लिए हैं। आरोपियों को राजस्थान के सीकर जिले से काबू किया गया था।
रिमांड की अवधि पूरी होने पर दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें नसीबपुर जेल भेज दिया गया। पुलिस शेष नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
-
यह है पूरा मामला
मृतक के छोटे भाई जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भतीजा हैप्पी पुत्र सूबे सिंह व उसके साथी कुलदीप व नवीन रात लगभग 10 बजे गांव की मुख्य गली में खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही नीरज, अंकित, सतेंद्र व विशाल काले रंग की स्कॉर्पियो में वहां पहुंचे। आरोपियों ने गाड़ी रोककर हैप्पी, कुलदीप और नवीन पर डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। शोर सुनकर जोगेंद्र और उनके बड़े भाई सूबे सिंह (63 वर्ष) मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए। लेकिन थोड़ी देर बाद वे दूसरी दिशा से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो लेकर आए और सीधे सूबे सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर गंभीर होने से सूबे सिंह की मौके पर ही हालत बिगड़ गई, जिन्हें एंबुलेंस द्वारा कनीना नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। वहीं घायल हैप्पी, कुलदीप और नवीन का उपचार सरकारी अस्पताल सेहलंग में किया गया।
- वर्जन...
गांव नौताना में शुक्रवार रात एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी। शिकायत पर चार नामजदों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया, जिनसे वारदात में प्रयुक्त डंडा व स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है। -निरीक्षक सज्जन सिंह,प्रभारी, सदर थाना कनीना