नांगल चौधरी। गावं कालबा में आयोजित बाबा सहज भारती कुश्ती में दूर-दराज से आए पहलवानों ने अपना दम दिखाया। इसमें मौसम खत्री को हराकर संजय जैलाफ ने जीत अपने नाम की। इस दौरान हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से नामी पहलवान पहुंचे।
अखाड़े में जैसे ही मुकाबले शुरू हुए दर्शकों की भीड़ ने तालियों और जयकारों से माहौल को और रोमांचक बना दिया। हर दांव-पेच पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। दंगल में अलग-अलग इनामों की कई कुश्तियां करवाई गईं।
5100, 7100 और 11 हजार रुपये की कई कुश्तियों के अलावा 21 हजार रुपये की दो बड़ी कुश्तियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं मुख्य कामड़ा 51 हजार रुपये का रखा गया। इसमें मौसम खत्री और संजय जैलाफ के बीच जोरदार मुकाबला हुआ।
अंत में संजय जैलाफ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कामड़ा अपने नाम कर लिया। मुकाबलों को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुष्कर पहलवान, सुनील (माड़ू) पहलवान और श्रवण कुमार पहलवान ने रेफरी की भूमिका निभाई। वहीं गांव के लोगों ने गर्मी को देखते हुए दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए पानी और अन्य व्यवस्थाओं का विशेष प्रबंध किया।