नारनौल/महेंद्रगढ़। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहने से सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। दिवाली से एन वक्त पहले शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। दो दिन 20 से 25 टन कूड़ा कचरा जमा हो गया है। इसको लेकर दुकानदारों और आम लोगों में रोष है। सरकार से वार्ता विफल होने के कारण सफाईकर्मियों ने अगले तीन दिनों तक हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।
शहर में सफाई के लिए 22 टैंपो, 3 ट्रैक्टर, 1 जेसीबी मशीन, एक लोडर समेत 200 के करीब सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं। सभी शहर के 31 वार्डों में सफाई करते हैं लेकिन दो दिन से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रहने से सफाई नहीं हुई और कूड़ा कचरा फैल गया है। सफाई कर्मचारी यूनियन के सचिव महावीर ने बताया कि सरकार से संगठन की वार्ता विफल हो गई जिससे अगले तीन दिनों तक हड़ताल जारी रहेगी। महेंद्रगढ़ : समान काम समान वेतन, कच्चे कर्मचारियों को पक्का कराने, कौशल रोजगार निगम को बंद करने, दमकल विभाग को निकाय में शामिल करने आदि मांगों को लेकर विभागों के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने दूसरे दिन भी हड़ताल जारी रखी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते सड़कों पर कूड़ा बिखरा पड़ा है। सफाईकर्मचारियों ने दिवाली पर 24 अक्तूबर को अवकाश पर रहने का निर्णय लिया है। प्रधान पूर्ण कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की अनेक मांगों को लेकर सरकार के साथ सहमति बनी थी लेकिन अभी तक मांगों को लागू नहीं किया गया है। वीरवार को मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता भी विफल हो गई। अब हड़ताल अगले तीन दिनों तक जारी रहेगी। हड़ताल में शामिल कर्मचारियों में राहुल, देवा, सन्नी, विकास, सम्मी, सुमित, शंकुतला, संतोष, संजीत, राजेश, विशाल, वीरू, संदीप, निर्मला, बीना, विमला, रज्जो, कमलेश, धनश्याम, शारदा, सतीश, मोहर सिंह, नसीब शामिल रहे।
-------
शहर में गंदगी के ढेर लगे हैं। दो दिन से कूड़ा नहीं उठ रहा है जिससे दुकान के सामने गंदगी का ढेर लगा हुआ है। दुकान के सामने बैठना भी मुश्किल रहता है। कई बार गंदगी की शिकायत नगर परिषद में कर चुके है। लेकिन कोई सुनवाई करने वाला नही है।- रामफल
------------
गंदगी का ढ़ेर दुकान के सामने होने से दुकान पर काम करना पूरा दिन मुश्किल होता है। नगर परिषद प्रशासन सफाई पर ध्यान नहीं दे रहा है। -राधेश्याम
-----------
दीपावली पर शहर में सफाई करवाने के लिए नगर परिषद को गंभीर होना होगा। सफाई कर्मचारियों की मनमानी पर नगर परिषद को रोक लगानी होगी । तभी शहर में गंदगी खत्म हो सकती है।---- कृष्ण कुमार
------------
मोहल्लें में गंदगी सेे आमजन प्रभावित है। शिकायत के बाद कोई सुनवाई करने वाला नही है। गंदगी के ढ़ेर लगे होने केेे कारण शहर में बीमारी फैलने का लोगों में डर बना हुआ है। -------- अशोक कुमार शर्मा
दूसरे दिन भी जारी रहा धरना
मंडी अटेली। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर अटेली नगरपालिका के सफाई कर्मचारी दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। हड़ताली कर्मचारियों ने नगरपालिका के बाहर बैठकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। दो दिवसीय सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण मंडी में सफाई व्यवस्था चरमरा गई। प्रधान मनोज कुमार तथा उपप्रधान राकेश ने कर्मचारियों की मांगों का जिक्र करते हुए कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, कौशल रोजगार निगम को बंद करना, पिछले हुए समझौतों को लागू करने, एक्सग्रेसिया नीति लागू करने, दो साल की सेवा वाले कर्मचारियों को नियमित करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को 100-100 गज के प्लाट देने जैसी सभी मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की। इस अवसर पर मुकेश, सोनू, राकेश, मनोज, धर्मवीर, रवि, रोताश, मनीष, रामकिशन, सोमा, उशा, निर्मला, रेखा, मंजू समेत सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।