जीएच के फ्लू कार्नर पर थर्मल स्कैनिंग करते कर्मचारी।
- फोटो : Narnol
कोरोना वायरस को लेकर चल रही सैंपलिंग के तहत शुक्रवार को 49 मरीजों के सैंपल जांच के लिए रोहतक भेजे गए हैं। शुक्रवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों के भी सैंपल लेकर कोरोना वायरस जांच के लिए भेजे गए हैं। अभी तक 345 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जीएच समेत सीएचसी केंद्रों पर सर्दी, जुकाम व बुखार के 49 मरीजों की सैंपलिंग की गई। जीएच में फ्लू कार्नर व शेल्टर होम से 22 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें तीन मरीज एक निजी अस्पताल के भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि तीनों मरीज गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और वेंटिलेटर पर हैं। इसमें एक कैंसर पीड़ित को बुखार की शिकायत है। दूसरे को हायरपटेंशन के साथ पेट दर्द व बुखार की शिकायत है। तीसरा मरीज बुजुर्ग है और हार्ट संबंधी बीमारी के साथ सर्दी-बुखार की शिकायत है। ऐसे में निजी अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी दी थी। इसलिए तीनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा महेंद्रगढ़ में सात, सतनाली से चार, कनीना में पांच, अटेली में चार और नांगल चौधरी से सात मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में कोरोना वायरस का कोई मरीज नहीं है। वीरवार को 46 लोगों का सैंपल लिया गया था और सभी की निगेटिव रिपोर्ट है।
पुलिस कर्मी की रिपोर्ट निगेटिव
बसीरपुर निवासी चंडीगढ़ पुलिस में तैनात एक युवक बुधवार को घर आया था। सर्दी, खांसी व बुखार की शिकायत होने पर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। शुक्रवार को रिपोर्ट निगेटिव आई है। बता दें कि बुधवार की रात नौ बजे बहाना बनाकर पुलिस कर्मी घर भाग गया। बाद में सदर थाना प्रभारी महेश शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से लेकर जीएच लाए थे।
जिले में 15 लोग ही होम क्वारंटीन - सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ में कोरोना का अभी तक कोई मरीज नहीं मिला है। अभी तक जिले में कुल 82 नागरिकों को निगरानी व एकांतवास में रखा गया है। फिलहाल जिले में 15 ऐसे नागरिक हैं जो निगरानी व एकांतवास में है। अभी तक जिले में कोरोना संदिग्ध पांच नागरिकों के सैंपल भेजे गए थे जो सभी नेगेटिव आए हैं। सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 67 लोगों ने 28 दिन का एकांतवास व निगरानी पीरियड को पूरा कर लिया है। जिला का कोई भी नागरिक किसी अन्य सेंटर पर रेफर नहीं किया गया है।