नारनौल। मानसून के साथ जिले में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से इलेक्ट्रिक मच्छर भगाने वाले उपकरणों की मांग भी बढ़ गई है। बाजार में इलेक्ट्रिक रैकेट और लैंप की बिक्री में तेजी आई है। दुकानदारों को उम्मीद है कि इस सीजन में इन उपकरणों का कारोबार 7 से 10 लाख रुपये तक पहुंच सकता है।
मानक चौक स्थित इलेक्ट्रिक सामान की दुकान के संचालक प्रेम और पन्नालाल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार उपकरणों के दाम करीब 10 प्रतिशत बढ़े हैं। इसके बावजूद बिक्री पर खास असर नहीं पड़ा है। शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग इनकी खरीदारी कर रहे हैं।
बाजार में इलेक्ट्रिक रैकेट 150 से 500 रुपये और लैंप 1500 से 3000 रुपये तक में उपलब्ध हैं। दुकानदार प्रेम ने बताया कि मच्छरों से बचाव के लिए लोग इन उपकरणों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सबसे ज्यादा मांग 150 से 300 रुपये वाले रैकेट की है। दुकानदारों के अनुसार रैकेट सस्ता होने के साथ आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। एक बार चार्ज करने के बाद इसे सुविधानुसार इस्तेमाल किया जा सकता है।