फोटो नंबर- 30बैठक में उपस्थित चेयरपर्सन प्रिया सैनी व पार्षद। संवाद
नांगल चौधरी। क्षेत्र के विकास को लेकर नगर पालिका में होने वाली बैठक सोमवार को हंगामे की भेंट चढ़ गई। इसके चलते कई पार्षद प्रतिनिधि बैठक को छोड़कर बीच में ही चले गए और शहर के विकास के मुद्दों पर राजनीति हावी हो गई। हंगामे के कारण बैठक को स्थगित किया गया।
गौरतलब है कि नगर पालिका की हाउस मीटिंग सोमवार को चेयरपर्सन प्रिया सैनी व सचिव ललित गोयल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। आधे से ज्यादा पार्षद मौजूद नहीं रहे और जरूरी कोरम पूरा नहीं हो सका। इसके चलते बैठक अगली बार के लिए स्थगित करनी पड़ी।
बैठक की शुरुआत में ही पार्षदों और अधिकारियों के बीच हंगामा हो गया। कई पार्षदों ने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव बिना उनकी जानकारी के पारित कर दिए जाते हैं और पार्षदों को बुलाकर केवल उनके हस्ताक्षर करवाए जाते हैं। पार्षदों ने इसे प्रक्रिया की पारदर्शिता के साथ खिलवाड़ बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया।
गुस्साए पार्षदों ने कहा कि यह तरीका लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की गरिमा दोनों के खिलाफ है। पार्षद छविकांत सैनी और कंवर सिंह जाखड़ ने कहा कि यदि आगामी बैठकों में कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया गया तो वे कड़ा रुख अपनाएंगे।
सचिव ललित गोयल ने बताया कि बैठक विकास को लेकर होनी थी लेकिन कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक को स्थगित किया गया है।