प्रदेश सरकार ने सब डिपो के शिलान्यास पत्थर को एक किलोमीटर पहुंचाने में साढ़े तीन वर्ष का समय लगा दिया। पिछले एक महीने में यह काम मात्र एक कदम ही आगे बढ़ा है। एक महीने में डीनिट से अप्रूवल आई है तथा टेंडर प्रक्रिया चल रही है। 20 अगस्त को टेंडर क्लोज होंगे। उसके बाद भी काम शुरू होने में एक महीने लग जाएगा। 10 सितंबर से आचार संहिता लगने की संभावना है। आचार संहिता के बाद ही सब डिपो के काम शुरू होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर रेवाड़ी की टीएम ऋतु शर्मा को महेंद्रगढ़ सब डिपो का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था। परंतु वो भी महेंद्रगढ़ एक बार भी नहीं आई हैं।
बता दें कि 20 जुलाई को को परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार जिले में पन्न प्रमुखों की बैठक लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर आए थे। 21 जुलाई को परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार तथा शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने नारियल फोड़ कर सब डिपो की आधारशिला रखी थी। उस समय परिवहन मंत्री ने दावा किया था कि अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। 20 अगस्त तक काम शुरू हो जाएगा। परंतु एक महीने में केवल डीनिट से अप्रूवल ही आई है अभी टेंडर भी ओपन नहीं हो पाए हैं। परिवहन मंत्री का दावे झूठे साबित होते दिखाई दे रहे हैं। दो दिन में काम शुरू होने की कोई उम्मीद दिखाई नहीं दे रही। काम शुरू होने में कम से कम एक महीने का समय लग सकता है।
मुख्यमंत्री की थी पहली घोषणा
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने 9 अप्रैल 2016 को सब्जी मंडी महेंद्रगढ़ में प्रगति रैली आयोजित की थी। इस रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की थी। उस समय मुख्यमंत्री ने सब डिपो बनाए जाने की पहली घोषणा की थी। इसका शिलान्यास पत्थर भी रखा गया था। मुख्यमंत्री और जन प्रतिनिधि प्रदेश में समान विकास का दावे कर रहे हैं लेकिन महेंद्रगढ़ में तो साढ़े तीन वर्ष बाद भी सीएम की पहली घोषणा पर काम शुरू नहीं हो पाया।
पेड़ कटाई की नहीं मिली अप्रूवल
महेंद्रगढ़ सब डिपो बस स्टैंड के सामने खाली पड़ी जगह पर बनाया जाएगा। इस जमीन पर काफी पेड़ लगे हुए हैं। अभी तक उनको काटने की अनुमति नहीं आई है। लोक निर्माण विभाग ने परिवहन विभाग को पेड़ कटवाने के लिए लेटर लिखा हुआ है। परिवहन विभाग ने वन विभाग को पेड़ काटने के लिए अनुमति मांगी गई है। परंतु अभी तक वन विभाग ने पेड़ काटने की अप्रूवल नहीं दी है। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि उनके पास लेटर आया हुआ है लेकिन पहले परिवहन विभाग का केस ऑनलाइन करवाना होगा। अभी तक उन्होंने ऑनलाइन नहीं करवाया है उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
ट्रैवलिंग मैनेजर को नहीं मिला महेंद्रगढ़ का अतिरिक्त कार्यभार
परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सब डिपो की आधारशिला रखते समय यह भी घोषणा की थी कि रेवाड़ी की ट्रैवलिंग मैनेजर ऋतु शर्मा को महेंद्रगढ़ सब डिपो का अतिरिक्त कार्यभार दिया जाता है। इसके लिए ऊपर से लेटर जारी करवा दिया जाएगा। परंतु हकीकत यह है कि तकनीकी रूप से जब तक सब डिपो नहीं बन जाता तब तक अतिरिक्त कार्यभार नहीं दिया जा सकता। इस संबंध में रेवाड़ी की टीएम से फोन पर बातचीत की तो उन्होंने बताया कि अभी उनके पास महेंद्रगढ़ सब डिपो के अतिरिक्त कार्यभार के लिए कोई लेटर नहीं आया है।
सब डिपो के लिए डीनिट की अप्रूवल आ चुकी है। 20 अगस्त को टेंडर क्लोज हो जाएंगे। उसके बाद आगे की कार्रवाई चलेगी। आगे की कार्रवाई में लगभग एक महीने का समय और लग सकता है।
- सोमदत्त शर्मा, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग।